जम्मू, 30 नवंबर जम्मू के जानीपुर इलाके में कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए घर से निकले एक किशोर का कथित तौर पर अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में बृहस्पतिवार को किश्तवाड़ के रहने वाले सतिंदर कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक प्रह्लाद सिंह नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि उनके 19 साल के बेटे राघव जाम्वाल उर्फ रघु का मंगलवार को अपहरण कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि राघव कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए जानीपुर गया था लेकिन वहां नहीं पहुंचा।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम तुरंत इलाके में निकल गईं और पता चला कि राघव जानीपुर स्थित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र नहीं पहुंचा है।
इस घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी और पुलिस मानवीय सूत्रों से प्राप्त और तकनीकी खुफिया जानकारी के माध्यम से अपहरणकर्ता तक पहुंची।
उन्होंने बताया कि अपहरणकर्ता को पटोली स्थित उसके किराये के आवास से पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि राघव का शव रायपुर खारी-जगती लिंक रोड से सटे एक वन क्षेत्र से बरामद किया गया जहां कोई बस्ती नहीं है। आरोपी के कब्जे से राघव का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आरोपी ने बताया कि उसने पत्थर से सिर कुचलकर राघव की हत्या की थी। उन्होंने कहा कि वे एक-दूसरे को पिछले चार-पांच साल से जानते थे।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भेज दिया है। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY