राजमहेंद्रवरम, 12 सितंबर तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी ने मंगलवार को कहा कि उनके पति की गिरफ्तारी के बाद परिवार “मुश्किल समय” का सामना कर रहा है।
भुवनेश्वरी ने यहां केंद्रीय कारागार में नायडू से मिलने के बाद कहा कि वह जेल में नायडू की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “परिवार के लिए यह कठिन समय है। यह परिवार हमेशा जनता और पार्टी के लिए समर्पित रहा है। मैं आपको इस बारे में आश्वासन दे सकती हूं। जब मैंने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह ठीक हैं और चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा, “मैं उनकी सुरक्षा को लेकर आशंकित हूं। मैंने कोई सुविधा नहीं देखी। उन्हें ठंडे पानी से नहाना पड़ा।”
उन्होंने कहा कि नायडू हमेशा कहते हैं कि पहले जनता, उसके बाद परिवार, और उन्हें उसी इमारत (जेल) में रखा जा रहा है जिसे उन्होंने ही बनवाया था।
भुवनेश्वरी ने अनुरोध किया कि लोग बाहर आएं और उनके साथ लड़ें।
विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामले में रविवार को नायडू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उन्हें नौ सितंबर को नांदयाल में गिरफ्तार किया गया था।
आंध्र प्रदेश सीआईडी के प्रमुख एन. संजय ने गिरफ्तारी के बाद कहा था कि नायडू को कौशल विकास निगम से संबंधित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिससे राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY