नयी दिल्ली, 15 जुलाई दिल्ली में अपनी बेटी की कस्टडी पाने में नाकाम रहने के बाद अपनी पूर्व पत्नी के भाई को कथित तौर पर मारने की कोशिश करने के आरोप में एक टैटू कलाकार और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी विशाल शर्मा (32) किरारी सुलेमान नगर का निवासी है, जबकि उसके साथियों में पहाड़गंज निवासी रामदेव (25), उत्तम नगर निवासी अक्षय (25), प्रेम नगर- III निवासी गुड्डू कुमार (23) शामिल हैं।
यह भी पढ़े | कोरोना के गोवा में 198 नए मामले पाए, 67 लोग हुए ठीक: 15 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
शुक्रवार की शाम पुलिस को बी एल कपूर अस्पताल से सूचना मिली कि पूर्वी पटेल नगर का रहने वाला लक्ष्य नागपाल (40) नामक एक व्यक्ति को गोली लगने के बाद वहां भर्ती कराया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्वी पटेल नगर में शाम करीब 5.45 बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे गोली मार दी। नागपाल को अपनी बहन के पूर्व पति पर संदेह था, जिसने हाल ही में उसे गोली मारने की धमकी दी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों के सभी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान की।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान, यह पता चला कि शर्मा 2 जुलाई को अपने सहयोगी अक्षय के साथ पहाड़गंज में एक गेस्ट हाउस में रुका था।
पुलिस उपायुक्त (केंद्रीय दिल्ली) संजय भाटिया ने कहा, ‘‘छापे मारे गए और सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात को अक्षय और गुड्डू कुमार को पकड़ लिया गया। उसने बताया कि दोनों गेालीबारी में शामिल थे।’’
डीसीपी ने बताया कि शर्मा और रामदेव को द्वारका के सेक्टर 9 इलाके के एक होटल से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि शर्मा ने नागपाल की बहन सलोनी से करीब पांच साल पहले शादी की थी, लेकिन सितंबर 2019 में दोनों अलग हो गए। उनकी चार साल की एक बेटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY