देश की खबरें | तमिलनाडु के मंत्री केएन नेहरू के सांसद बेटे और भाई ने 30 करोड़ रुपये की हेराफेरी की: ईडी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के मंत्री और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता केएन नेहरू के सांसद बेटे और उनके व्यवसायी भाई ने कथित तौर पर 30 करोड़ रुपये के बैंक ऋण संबंधी धन की हेराफेरी की। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल तमिलनाडु के मंत्री और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता केएन नेहरू के सांसद बेटे और उनके व्यवसायी भाई ने कथित तौर पर 30 करोड़ रुपये के बैंक ऋण संबंधी धन की हेराफेरी की। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

संघीय जांच एजेंसी ने सात अप्रैल को ट्रूडोम ईपीसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी और इसके प्रमुख कर्मियों के खिलाफ मामले में तमिलनाडु के चेन्नई, त्रिची और कोयंबटूर में स्थित 15 परिसरों की तलाशी लेने के बाद यह बयान दिया।

ईडी ने दावा किया कि केएन नेहरू के लोकसभा सदस्य पुत्र अरुण नेहरू और उनके भाई एन रविचंद्रन इस मामले में ‘‘प्रमुख व्यक्ति’’ हैं और साक्ष्यों से पता चलता है कि धन की ‘हेराफेरी’ में उनकी संलिप्तता है।

के एन नेहरू तमिलनाडु के नगरपालिका प्रशासन मंत्री हैं। उनके बेटे अरुण नेहरू (41) पेरम्बलुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और रविचंद्रन एक रियल एस्टेट कंपनी टीवीएच ग्रुप के प्रवर्तक हैं।

मंत्री, सांसद और रविचंद्रन से ईडी के आरोपों पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं किया जा सका।

ईडी ने कहा कि तलाशी के दौरान बरामद साक्ष्य ‘‘तमिलनाडु के नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग (एमएडब्ल्यूएस) में व्यवस्थित भ्रष्टाचार नेटवर्क की ओर संकेत करते हैं।’’

ट्रूडोम ईपीसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ धन शोधन का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है। सीबीआई ने इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) द्वारा स्वीकृत 30 करोड़ रुपये के ऋण धन में ‘हेराफेरी’ करने और बैंक धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।

ईडी ने जांच के हवाले से दावा किया है कि ट्रूडोम ईपीसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एक ‘मुखौटा’ कंपनी है, जिसे पवन ऊर्जा का कोई अनुभव नहीं है, तथा इसका गठन ‘केवल’ 100.8 मेगावाट की पवनचक्की परियोजना की आड़ में ऋण राशि को अन्यत्र ले जाने के लिए किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now