देश की खबरें | तमिलनाडु : कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजली दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रीपेरंबदूर स्थित 'राजीव गांधी स्मारक’ पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
चेन्नई, 21 मई कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रीपेरंबदूर स्थित 'राजीव गांधी स्मारक’ पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के एस अलागिरी के नेतृत्व में पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व प्रमुख के वी थंकगाबालू सहित कई नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसी जगह पर 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या हुई थी।
राजीव गांधी 1984 और 1989 के बीच भारत के प्रधानमंत्री रहे। उनकी 1991 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के सदस्यों ने हत्या कर दी थी।
उनकी पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा 'राजीव ज्योति' (एक जलती मशाल) लाया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
अलागिरी ने सु थिरुनावुकारासर सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के राज्य मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में गांधी के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अलागिरी ने कहा कि यह राजीव गांधी की कार्य योजना थी, जिसकी वजह से देश आधुनिकीकरण, प्रगति और विकास की ओर अग्रसर हुआ।
अलागिरी ने संवाददाताओं से कहा, "राजीव गांधी की विशेषता उनकी रचनात्मक विचार प्रक्रिया और ऐसे विचारों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की उनकी क्षमता थी।"
अलागिरी ने भारतीय रिजर्ब बैंक द्वारा 2,000 रुपये के नोटों को वापस लिए जाने के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि सरकार को लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)