खेल की खबरें | भारतीय टीम के सामने अंडर-23 एशियाई कप क्वालीफायर से पहले ताजिकिस्तान की चुनौती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय अंडर-23 फुटबॉल टीम बुधवार को ताजिकिस्तान के खिलाफ मैत्री मुकाबले में उतरेगी तो उसकी कोशिश आगामी एएफसी अंडर-23 एशियाई कप 2026 क्वालीफायर के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने की होगी।
नयी दिल्ली, 17 जून भारतीय अंडर-23 फुटबॉल टीम बुधवार को ताजिकिस्तान के खिलाफ मैत्री मुकाबले में उतरेगी तो उसकी कोशिश आगामी एएफसी अंडर-23 एशियाई कप 2026 क्वालीफायर के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने की होगी।
यह मुकाबला दुशांबे के पास हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इस दौरे पर शनिवार को दूसरे मैच में किर्गिज गणराज्य का सामना करेगी।
भारत सितंबर में होने वाले क्वालीफायर के लिए बहरीन, कतर और ब्रुनेई दारुस्सलाम के साथ ग्रुप ई में है। टीम का लक्ष्य पहली बार इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने का है।
कोच नौशाद मूसा की देखरेख में भारत के 23 खिलाड़ियों का दल सोमवार शाम को दुशांबे पहुंचा और उसने मंगलवार को 90 मिनट के अभ्यास सत्र में भाग लिया।
ताजिकिस्तान अंडर-23 टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ खेले हैं। टीम को इन दोनों मैत्री मैचों में एक समान 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
टीम 2024 में एएफसी अंडर-23 एशियाई कप में ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रही थी।
भारतीय कोच मूसा हालांकि अतीत के परिणामों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ हम जानते हैं कि ताजिकिस्तान एक मजबूत टीम है। उन्होंने पिछले साल अंडर 23 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया और सीनियर एशियाई कप में भी अच्छा प्रदर्शन किया।’’
मूसा ने एआईएफएफ वेबसाइट से कहा, ‘‘ उनकी टीम में निश्चित रूप से कल अलग खिलाड़ी होंगे। कोच बदल गया है। हमें बस वहां जाकर अपना काम सही से करना है।’’
यह मूसा के लिए भारत अंडर-23 टीम के साथ दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल कुआलालंपुर में मलेशिया के खिलाफ दो मैत्री मैचों में टीम का मार्गदर्शन किया था। ।
इस 53 साल के कोच को टीम से बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे खिलाड़ी कल के मैच के लिए बहुत उत्सुक हैं। मैं उनसे बात कर रहा हूं कि ये मुकाबले हमारे लिए कितने महत्वपूर्ण होंगे।’’
मैच भारतीय समयानुसार रात 08:30 बजे शुरू होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)