देश की खबरें | स्विट्जरलैंड के राजदूत ने योगी से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में स्विट्जरलैण्ड के राजदूत डॉक्टर रैल्फ हेकनर ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
लखनऊ, नौ फरवरी भारत में स्विट्जरलैण्ड के राजदूत डॉक्टर रैल्फ हेकनर ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने इस आशय की जानकारी देते हुए यहां बताया कि इस अवसर पर स्विट्जरलैण्ड और भारत, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के मध्य सम्बन्धों को और प्रगाढ़ करने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया।
प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान कहा कि भारत और स्विट्जरलैण्ड के सुदृढ़ सम्बन्ध हैं। स्विट्जरलैण्ड को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां निवेश की असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश ने एकजुट होकर कोविड-19 का सफलतापूर्वक सामना किया। कोरोना कालखण्ड में आत्मनिर्भर भारत पैकेज के माध्यम से उद्योग जगत को राहत प्रदान की गई। इसके परिणामस्वरूप इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हुए।
प्रवक्ता के मुताबिक, स्विट्जरलैण्ड के राजदूत ने उत्कृष्ट कोविड प्रबन्धन के लिए योगी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य में निवेश अनुकूल माहौल सृजित हुआ है।
उन्होंने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के विकास में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
हेकनर ने भारत द्वारा अन्य देशों को कोविड-19 टीका उपलब्ध कराए जाने के कार्य की सराहना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)