बोटाद, पांच सितंबर गुजरात के बोटाद जिले में स्वामीनारायण संप्रदाय द्वारा संचालित मंदिर में भगवान हनुमान की विशाल मूर्ति के आसन पर बनाए गए विवादास्पद भित्तिचित्रों को मंगलवार तड़के हटा दिया गया।
इस मुद्दे पर विवाद खड़ा होने के बाद स्वामीनारायण संप्रदाय की शाखा ‘वडताल गडी’ ने सोमवार को जिले के सालंगपुर शहर स्थित मंदिर में विवादास्पद भित्तिचित्रों को हटाने की घोषणा की थी।
मंदिर के एक ट्रस्टी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन दो भित्तिचित्रों को हटा दिया गया है, जिनमें भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी के भक्त के तौर पर दिखाया गया है।’’
कई पंथों में विभाजित स्वामीनारायण संप्रदाय सहजानंद स्वामी (1781-1830) को भगवान स्वामीनारायण के रूप में संदर्भित करता है।
मंदिर प्रबंधन ने कुछ महीने पहले, मंदिर परिसर में भगवान हनुमान की 54 फुट की मूर्ति स्थापित की थी।
इसके आसन की दीवार भित्तिचित्रों से ढकी हुई है, जिनमें से कम से कम दो भित्तिचित्रों के कारण विवाद उत्पन्न हुआ जिनमें भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी को प्रणाम करते हुए दिखाया गया है।
हिंदू धार्मिक नेता पिछले एक सप्ताह से इन भित्तिचित्रों को हटाने की मांग कर रहे थे और कुछ ने शीघ्र ऐसा नहीं किए जाने पर कार्रवाई की धमकी दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY