देश की खबरें | गुरुग्राम में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर ने जांच चौकी पर पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश : पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर ने जांच के लिए कार रोकने पर पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गुरुग्राम (हरियाणा), 11 अक्टूबर हरियाणा के गुरुग्राम में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर ने जांच के लिए कार रोकने पर पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना रविवार रात की है और इसमें हेड कांस्टेबल सोमबीर घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ डीएलएफ फेज -2 पुलिस थाने में हत्या की कोशिश और अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाइजीरियाई नागरिक है।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि एक कोकेन आपूर्तिकर्ता गुरुग्राम में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आ रहा है। इसके आधार पर हरियाणा स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की गुरुग्राम इकाई ने निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में शराब की दुकान के पास नाकेबंदी की और वाहनों की जांच शुरू की।
हेड कांस्टेबल सोमबीर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक कथित मादक पदार्थ तस्कर सीडान कार से आया तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने रुकने के बजाय अवरोधक और वहां खड़े सरकारी वाहन में टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद भी आरोपी रुका नहीं है और मुझे और अन्य पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की। मैं सड़क पर गिर गया। फिर भी मैंने किसी तरह अपनी जान बचाई। इस बीच, आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।’’
पुलिस ने बताया कि सोमबीर को अस्पताल ले जाया गया और इलाज करने के बाद छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि एनसीबी की टीम अब वाहन के पंजीकरण संख्या के आधार पर आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 186(सरकारी अधिकारी को काम करने से रोकने), धारा-307 (हत्या की कोशिश), धारा- 332 (सरकारी अधिकारी को उसके काम से रोकने के लिए क्षति पहुंचाना), धारा-353 (सरकारी अधिकारी पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक बलजीत सिंह ने कहा, ‘‘हमने संबंधित प्राधिकार से कार की विस्तृत जानकारी मांगी है और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)