देश की खबरें | ‘मॉरल पुलिसिंग’ का शिकार हुए छात्र ने हमले के लिए पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

मंगलुरु, छह जून कर्नाटक में सोमेश्वर बीच पर ‘मॉरल पुलिसिंग’ घटना के शिकार हुए छात्रों में से एक ने शहर के पुलिस आयुक्त को शिकायत दी है, जिसमें आरोप लगाया है कि उल्लाल थाने के एक पुलिस अधिकारी ने उस पर हमला किया था।

आयुक्त कुलदीप कुमार आर. जैन ने पुष्टि की कि एक छात्र ने स्थानीय थाने के कर्मियों के खिलाफ अनुचित व्यवहार की शिकायत की है।

उन्होंने कहा, “हमने इस शिकायत पर गंभीरता से विचार किया है और मैंने डीसीपी (कानून व्यवस्था) से मामले की जांच करने को कहा है। अगर कोई पुलिस स्टेशन कर्मी दोषी पाया जाता है, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

सूत्रों ने कहा कि छात्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि स्थानीय लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने के बाद, उप निरीक्षक ने उसे थाने बुलाया और एक कोरे कागज पर उसके हस्ताक्षर करवाए।

शिकायत में कहा गया है कि जब उसने इस कार्रवाई पर सवाल उठाया, तो अधिकारी ने उसे पीटा।

उल्लेखनीय है कि शहर के एक पैरा मेडिकल कॉलेज की तीन छात्राएं एक जून की शाम अपने तीन सहपाठियों के साथ सोमेश्वर बीच पर गई थीं। इस दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने एक अलग समुदाय के छात्रों के लड़कियों के साथ होने पर आपत्ति जताई और उनकी पिटाई कर दी।

पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)