देश की खबरें | महाराष्ट्र के अस्पताल में मरीजों की मौत मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक सरकारी अस्पताल में 24 घंटे के भीतर 12 शिशुओं समेत 24 मरीजो की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सोमवार को मांग की।
नयी दिल्ली, दो अक्टूबर कांग्रेस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक सरकारी अस्पताल में 24 घंटे के भीतर 12 शिशुओं समेत 24 मरीजो की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सोमवार को मांग की।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस विषय पर बोलना चाहिए।
अधिकारियों के अनुसार नांदेड़ के एक सरकारी अस्पताल में बीते 24 घंटे में 12 शिशुओं समेत 24 रोगियों की मौत हो गई।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "दवाओं की कमी के चलते महाराष्ट्र में 12 शिशुओं समेत 24 मरीजों की मौत का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाये।
कांग्रेस ने 'एक्स' पर अपने आधिकारिक हैंडल के माध्यम से कहा, "महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत की दुखद खबर सामने आई है। इनमें 12 बच्चे भी शामिल हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। "
पार्टी ने यह भी कहा, "खबरों के मुताबिक, मरीजों की मौत की एक वजह जरूरी दवाइयों की कमी है। यह बेहद गंभीर विषय है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार को प्रचार से ज्यादा जमीन पर काम करने की जरूरत है।"
हक सुरेश अविनाश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)