देश की खबरें | स्टालिन ने हाथी ‘अरिकोम्बन’ के हमले में मरने वाले व्यक्ति के परिजन को मुआवजा देने की घोषणा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के थेनी जिले में एक हिंसक हाथी ‘अरिकोम्बन’ के हमले में घायल 56 वर्षीय व्यक्ति ने मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
चेन्नई/थेनी (तमिलनाडु), 30 मई तमिलनाडु के थेनी जिले में एक हिंसक हाथी ‘अरिकोम्बन’ के हमले में घायल 56 वर्षीय व्यक्ति ने मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हाथी के हमले में मारे गए पॉलराज के परिजन को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की और कहा कि राज्य वन विभाग हाथी को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि हाथी के हमले में घायल कम्बम निवासी पॉलराज का शनिवार से थेनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज हो रहा था। पॉलराज ने मंगलवार की सुबह दम तोड़ दिया।
पीड़ित पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया था, जिसने कम्बम शहर में आतंक मचा रखा है। हाथी ने संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।
यह हाथी चावल खाना पसंद करता है, जिसके चलते उसने पड़ोसी राज्य केरल में कई दुकानों को नुकसान भी पहुंचाया था। पिछले महीने ही उसे राज्य में पेरियार बाघ अभयारण्य में छोड़ा गया था और शनिवार को वह भटककर सीमावर्ती शहर कम्बम आ गया था।
स्टालिन ने एक बयान में कहा कि हाथी ‘अरिकोम्बन’ को पकड़ने के लिए श्रीविल्लिपुथुर मेगामलाई बाघ अभयारण्य के क्षेत्र निदेशक की अगुवाई में अनुभवी वन अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पशु चिकित्सकों और 16 अन्य अनुभवी कर्मियों की टीम हाथी की गतिविधियों की निगरानी कर रही है और इसे सुरक्षित रूप से वन क्षेत्र में भेजने का प्रयास जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस उद्देश्य के लिए कम्बम वन परिक्षेत्र कार्यालय में एक अलग नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए करीब 200 वन कर्मियों को तैनात किया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)