विदेश की खबरें | श्रीलंका निर्वाचन आयोग 18-21 जनवरी तक स्थानीय चुनावों के लिए नामांकन स्वीकार करेगा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, चार जनवरी श्रीलंका के शीर्ष चुनाव निकाय ने बुधवार को घोषणा की कि वह स्थानीय परिषद चुनावों के लिए 18 से 21 जनवरी तक नामांकन स्वीकार करेगा।

जिला सचिवों द्वारा बुधवार को 340 स्थानीय सरकारी निकायों के नामांकन के लिए नोटिस भी जारी किए गए।

राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग ने कहा कि नामांकन 18 से 21 जनवरी के बीच स्वीकार किए जाएंगे।

इसके एक सप्ताह बाद चुनाव की तारीख की घोषणा की जाएगी।

देश में स्थानीय परिषदों के चुनाव पिछले साल मार्च में स्थगित कर दिए गए थे क्योंकि सरकार आर्थिक संकट और राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रही थी, जिसके कारण सड़कों पर विरोध प्रदर्शन हुए थे।

नामांकन की तारीखों की घोषणा तब हुई जब विपक्षी दलों ने चुनाव कराने की सरकार की मंशा पर संदेह व्यक्त किया।

विपक्षी सांसद जी. एल. पेइरिस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार चुनाव रोकने की पूरी कोशिश कर रही है। लेकिन इन्हें केवल एक जनमत संग्रह के माध्यम से स्थगित किया जा सकता है।’’

सत्तारूढ़ श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना (एसएलपीपी) ने 2018 के स्थानीय चुनाव जीतने के बाद ज्यादातर स्थानीय परिषदों को नियंत्रित किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)