देश की खबरें | श्रीलंका ने भारत के 21 और मछुआरों को पकड़ा, राजनीतिक दलों ने केंद्र से कार्रवाई करने की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीलंकाई नौसेना ने उसके समुद्री क्षेत्र में कथित तौर पर मछलियां पकड़ने के लिए भारत के 21 और मछुआरों को गिरफ्तार किया है।

चेन्नई/कोलंबो, 17 मार्च श्रीलंकाई नौसेना ने उसके समुद्री क्षेत्र में कथित तौर पर मछलियां पकड़ने के लिए भारत के 21 और मछुआरों को गिरफ्तार किया है।

नौसेना ने बताया कि मछुआरों को जाफना के डेफ्ट द्वीप के समीप शनिवार को पकड़ा गया और उन्हें कांकेसनथुरई बंदरगाह ले जाया गया है। उनकी नौकाओं को भी जब्त किया गया है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई और पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) ने रविवार को 21 और भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से तुरंत उनकी रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

इन गिरफ्तारियों से एक दिन पहले श्रीलंकाई नौसेना ने शुक्रवार को उत्तरी जाफना में करैनगर तट से कम से कम 15 भारतीय मछुआरों को पकड़ा था।

श्रीलंका ने इस साल अभी तक कम से कम 146 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलई और पीएमके के शीर्ष नेता अंबुमणि रामदास ने कहा कि श्रीलंका ने 21 मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी दो नौका भी जब्त की हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर को लिखे पत्र में अन्नामलई ने कहा, ‘‘हम श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के रामेश्वरम से 21 मछुआरों को पकड़े जाने तथा इन मछुआरों की दो नौकाओं को जब्त किए जाने पर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। हम गिरफ्तार किए गए मछुआरों और उनकी नौकाओं की रिहाई के लिए विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now