देश की खबरें | सोनिया, राहुल, खरगे ने ओमन चांडी को श्रद्धांजलि दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को श्रद्धांजलि दी।
बेंगलुरु, 18 जुलाई कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को श्रद्धांजलि दी।
चांडी लंबे समय से बीमार थे। उनका मंगलवार तड़के बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
सोनिया गांधी, खरगे, राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और कई अन्य नेताओं ने यहां इंदिरा नगर इलाके में राज्य के पूर्व मंत्री टी. जॉन के आवास पर जाकर चांडी को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहीं पर चांडी का पार्थिव शरीर रखा गया था।
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और खरगे मंगलवार को हो रही विपक्षी दलों की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार को यहां पहुंचे।
खरगे ने चांडी के निधन को देश, केरल और कांग्रेस पार्टी के लिए ‘बड़ी क्षति’ करार दिया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह देश और केरल राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। ओमन चांडी एक महान नेता थे। उन्होंने लंबे समय तक पार्टी की सेवा की। वह एक अच्छे प्रशासक, अच्छे मुख्यमंत्री और एक अच्छे पार्टी आयोजक थे। आज हमने उन्हें खो दिया। मैं बहुत दुखी हूं। यह पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ओमन चांडी ने केरल और भारत की भावना का प्रतिनिधित्व किया। वह केरल के लोगों के सच्चे नेता थे। हम उन्हें हमेशा याद करेंगे। हम उनसे बहुत प्यार करते हैं और हम उन्हें दिल से याद करते हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और उनसे स्नेह रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)