जरुरी जानकारी | देश में सौर क्षमता वृद्धि अप्रैल-जून में 58 प्रतिशत घटकर 1,700 मेगावाट: मेरकॉम इंडिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश में सौर ऊर्जा क्षमता में इजाफा सालाना आधार पर अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 58 प्रतिशत घटकर 1,700 मेगावाट रहा। मुख्य रूप से भूमि और पारेषण संबंधित मुद्दों के कारण क्षमता वृद्धि दर घटी है।

नयी दिल्ली, 28 अगस्त देश में सौर ऊर्जा क्षमता में इजाफा सालाना आधार पर अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 58 प्रतिशत घटकर 1,700 मेगावाट रहा। मुख्य रूप से भूमि और पारेषण संबंधित मुद्दों के कारण क्षमता वृद्धि दर घटी है।

स्वच्छ ऊर्जा परामर्श और शोध कंपनी मेरकॉम इंडिया ने सोमवार को देश के सौर बाजार पर अद्यतन रिपोर्ट में कहा कि पिछले साल की इसी तिमाही में 4,000 मेगावाट सौर क्षमता जोड़ी गयी थी।

इस साल की दूसरी तिमाही के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘भारत ने 2023 की दूसरी तिमाही में सौर क्षमता में 1,700 मेगावाट का इजाफा किया। नई परियोजनाओं में तिमाही आधार पर 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। जनवरी-मार्च अवधि में 1,900 मेगावाट क्षमता जोड़ी गयी थी।’’

क्षमता वृद्धि में सालाना आधार पर 58 प्रतिशत की कमी आई और यह 1,700 मेगावाट रही। यह एक साल पहले इसी तिमाही में 4,000 मेगावाट थी।

रिपोर्ट के अनुसार, कुल क्षमता वृद्धि में बड़े आकार की सौर परियोजनाओं की हिस्सेदारी 77 प्रतिशत जबकि छतों पर लगने वाली सौर क्षमता का योगदान 23 प्रतिशत रहा। बड़े आकार की सौर परियोजनाओं के जरिये 1,300 मेगावाट क्षमता जोड़ी गयी। यह सालाना आधार पर 64 प्रतिशत तथा तिमाही आधार पर सात प्रतिशत कम है।

इसके साथ, जून में देश में कुल स्थापित सौर क्षमता 66,000 मेगावाट को पार कर गयी है।

मेरकॉम कैपिटल ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राज प्रभु ने कहा कि देरी, परियोजनाओं को आगे टाले जाने और स्थगित किये जाने के कारण बड़ी संख्या में सौर परियोजनाएं अगले साल के लिये टल गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘परिणामस्वरूप, 2024 बेहद मजबूत दिख रहा है। सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरणों और परियोजना लागत में तेजी से गिरावट क्षेत्र को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’

आलोच्य तिमाही के दौरान बड़ी सौर परियोजनाओं के मामले में 41 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ गुजरात पहले स्थान पर रहा। वहीं राजस्थान 20 प्रतिशत और कर्नाटक 14 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\