खेल की खबरें | एसएलसी ने टी20 विश्व कप के दौरान टीम होटल में शराब पार्टी की खबरों का खंडन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने हाल में टी20 विश्व कप के दौरान टीम होटल के अंदर उसके खिलाड़ियों द्वारा शराब पार्टी करने का दावा करने वाली खबर को मंगलवार को ‘पूरी तरह से झूठ, मनगढ़ंत और निराधार’ करार दिया है।
कोलंबो, नौ जुलाई श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने हाल में टी20 विश्व कप के दौरान टीम होटल के अंदर उसके खिलाड़ियों द्वारा शराब पार्टी करने का दावा करने वाली खबर को मंगलवार को ‘पूरी तरह से झूठ, मनगढ़ंत और निराधार’ करार दिया है।
एक सप्ताहांत समाचार पत्र ने सात जुलाई को दावा किया था कि श्रीलंका के खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पूर्व टीम होटल के अंदर शराब पार्टी की थी। श्रीलंका ने न्यूयॉर्क में तीन जून को हुआ यह मुकाबला छह विकेट से गंवा दिया था।
एसएलसी ने बयान में कहा, ‘‘श्रीलंका क्रिकेट ‘दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले टीम होटल के अंदर शराब पार्टी?’ शीर्षक वाले त्रुटिपूर्ण लेख के संदर्भ में स्पष्टीकरण जारी करना चाहता है जो एक सप्ताहांत समाचार पत्र में सात जुलाई को प्रकाशित हुआ और फिर सोशल मीडिया पर साझा किया गया।’’
बयान के अनुसार, ‘‘एसएलसी लेख की सामग्री का स्पष्ट रूप से और दृढ़ता से खंडन करता है और पुष्टि करता है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। इसलिए एसएलसी स्पष्ट रूप से कहता है कि खबर पूरी तरह से झूठी, मनगढ़ंत और निराधार है।’’
श्रीलंका ने टी20 विश्व कप में नीदरलैंड को हराकर केवल एक जीत हासिल की। टीम दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश से हारने के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई। नेपाल के खिलाफ टीम का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।
एसएलसी ने कहा, ‘‘हम मानते हैं कि इस तरह की झूठी खबर श्रीलंका क्रिकेट, उसके अधिकारियों और खिलाड़ियों की प्रतिष्ठा को अनुचित रूप से नुकसान पहुंचाती है।’’
बोर्ड ने कहा, ‘‘उक्त झूठे आरोपों के मद्देनजर श्रीलंका क्रिकेट अनुरोध करता है कि संबंधित समाचार पत्र श्रीलंका क्रिकेट को हुए नुकसान की भरपाई के लिए ‘उत्तर देने का अधिकार’ प्रकाशित करे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)