देश की खबरें | जलयुक्त योजना में ‘अनियमितताओं’ की जांच करेगी एसआईटी : देशमुख
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 15 अक्टूबर महाराष्ट्र की सरकार ने जलयुक्त शिवार जल संरक्षण योजना में ‘‘अनियमितताओं’’ की जांच एसआईटी को सौंपने का निर्णय किया है क्योंकि कैग की रिपोर्ट में इसकी गुणवत्ता और नतीजों पर सवाल उठाए गए हैं। यह जानकारी बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दी।

पूर्ववर्ती देवेन्द्र फडणवीस नीत सरकार के समय शुरू की गई जलयुक्त शिवार योजना की राज्य सरकार द्वारा जांच कराने की घोषणा करने के एक दिन बाद उनका यह बयान आया है।

यह भी पढ़े | Minor girl raped in Odisha: ओडिशा में 22 दिनों तक नाबालिग से किया दुष्कर्म, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार.

देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘कैग की रिपोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस जी द्वारा शुरू की गई जलयुक्त शिवार योजना की गुणवत्ता, खर्च और नतीजों पर कई सवाल उठाए गए हैं। इसलिए हमने इस योजना में अनियमितताओं की जांच एसआईटी को सौंपने का निर्णय किया है और फिर उसी मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

‘‘जलयुक्त शिवार अभियान’’ फडणवीस की महत्वाकांक्षी योजना थी, जिसे 2014 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य महाराष्ट्र को 2019 तक सूखा मुक्त करना था।

यह भी पढ़े | Fake TRP Scam: बार्क ने न्यूज चैनल्स के साप्ताहिक टीआरपी रेटिंग को अस्थायी रूप से रोका, चैनलों की रेटिंग में करेगा सुधार.

योजना में नहरों को गहरा और चौड़ा करना, नालों पर काम करना और खेतों में तालाब खोदना आदि शामिल था।

फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में 2014 से 2019 तक शिवसेना भी शामिल थी, जिसके अध्यक्ष उद्धव ठाकरे अब राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

बहरहाल, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने पिछले महीने राज्य विधानसभा को जो रिपोर्ट सौंपी, उसमें बताया गया कि योजना के तहत 9633.75 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन वह ज्यादा प्रभावी साबित नहीं हुई।

कैग ने कहा था कि इससे भूजल स्तर बढ़ाने का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सका और इसके कामकाज में पारदर्शिता की कमी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)