देश की खबरें | व्हाइट नाइट कोर के 50वें स्थापना दिवस पर सिन्हा, सेना के कमांडर ने दी बधाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को नगरोटा में व्हाइट नाइट कोर के 50वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक मोटर साइकिल रैली का स्वागत किया।

नगरोटा (जम्मू कश्मीर), 13 जून जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को नगरोटा में व्हाइट नाइट कोर के 50वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक मोटर साइकिल रैली का स्वागत किया।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि नगरोटा सैन्य स्टेशन में एक समारोह में, उपराज्यपाल सिन्हा और लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने कोर के सभी रैंक के कर्मियों को बधाई दी, जिसकी स्थापना जून 1972 में सेना की उत्तरी कमान के हिस्से के रूप में की गई थी।

कोर का युद्धों में वीरता का एक समृद्ध इतिहास है और नियंत्रण रेखा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियानों में सराहनीय प्रदर्शन किया है।

व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने नगरोटा में अश्वमेध शौर्य स्थल पर पुष्पांजलि समारोह में शहीद वीरों को पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रवक्ता ने कहा कि व्हाइट नाइट कोर के स्वर्ण जयंती समारोह की शुरुआत मोटरसाइकिल रैली ‘वीर स्मृति यात्रा’ के साथ 8 जून को राजौरी के लाम से झंडी दिखाकर हुई। रैली सोमवार को नगरोटा पहुंची। उन्होंने कहा कि सवारों ने कोर जोन के सभी युद्ध स्मारकों पर वीरों को श्रद्धांजलि दी।

नगरोटा में समारोह की शुरुआत व्हाइट नाइट कोर के सभी रैंक के कर्मियों की एक विशाल सभा की उपस्थिति में उपराज्यपाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई।

लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने उपराज्यपाल और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें राष्ट्रीय उद्देश्य के लिए कोर के सभी रैंक के कर्मियों द्वारा अथक समर्थन का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर, उपराज्यपाल सिन्हा ने व्हाइट नाइट कोर के सभी रैंक के कर्मियों को बधाई दी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में उनके अनुकरणीय योगदान की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\