देश की खबरें | सिद्धरमैया ने मेवानी की गिरफ्तारी की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक ट्वीट को लेकर गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी की असम में गिरफ्तारी की निंदा की है।

बेंगलुरू, 25 अप्रैल कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक ट्वीट को लेकर गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी की असम में गिरफ्तारी की निंदा की है।

कई ट्वीट करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने असंतोष को अनैतिक तरीकों से दबाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना की।

सिद्धरमैया ने ट्वीट किया, “मैं गुजरात विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवानी को गिरफ्तार कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीनने के लिए भाजपा सरकार के कदम की निंदा करता हूं। असहमति और आलोचकों को अनैतिक तरीकों से चुप कराना एक निरंकुश दृष्टिकोण है, ”

उन्होंने "सभी ऐसे सच्चे भारतीयों" से मेवानी के साथ खड़े होने का आह्वान किया जो देश के संविधान का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि “फासीवादी भाजपा सरकार” के खिलाफ लड़ने के लिए कई और जिग्नेश मेवानी सामने आएंगे।

इस बीच गोवा कांग्रेस ने भी मेवानी की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि उनके साथ किए जा रहे व्यवहार से पता चलता है कि देश में "अघोषित आपातकाल" है।

राज्य इकाई के प्रमुख अमित पालेकर ने कहा, "गिरफ्तारी एक गलत मिसाल पेश करती है। देश में अभिव्यक्ति की कोई स्वतंत्रता नहीं है। यह घटना दर्शाती है कि देश में अघोषित आपातकाल है।"

उल्लेखनीय है कि मेवानी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ट्वीट से संबंधित एक मामले में सोमवार को असम में कोकराझार की एक अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के बाद, असम पुलिस ने उन्हें अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में फिर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि कांग्रेस समर्थित विधायक मेवानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुजरात के विधायक के खिलाफ कोकराझार में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्हें 19 अप्रैल को गुजरात के पालनपुर शहर से गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now