देश की खबरें | निशानेबाज सोनम और नीरज ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल जीते

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रेलवे की सोनम उत्तम मस्कर और सेना के नीरज कुमार ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय चयन ट्रायल (ग्रुप ए) में क्रमश: महिलाओं का 10 मीटर एयर राइफल टी1 फाइनल और पुरुषों का 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल टी2 फाइनल जीता।

नयी दिल्ली, 11 फरवरी रेलवे की सोनम उत्तम मस्कर और सेना के नीरज कुमार ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय चयन ट्रायल (ग्रुप ए) में क्रमश: महिलाओं का 10 मीटर एयर राइफल टी1 फाइनल और पुरुषों का 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल टी2 फाइनल जीता।

पिछले साल तीन आईएसएसएफ पदक जीतने वाली सोनम ने फाइनल में 253.2 का स्कोर करते हुए महाराष्ट्र की राष्ट्रीय चैंपियन अनन्या नायडु को 1.3 अंक से पछाड़ा।

नीरज ने उलटफेर करते हुए पेरिस ओलंपियन अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू को टी2 फाइनल में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर पछाड़ते हुए सोने का तमगा जीता।

इससे पहले सोनम ने 60 शॉट के क्वालीफिकेशन दौर में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 633.9 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दो ओलंपियन इलावेनिल वलारिवन (632.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर) और अयोनिका पॉल (630.4 के साथ सातवें स्थान पर) तथा राष्ट्रीय चैंपियन अनन्या (632.1 के साथ पांचवें स्थान पर) ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई।

सोनम ने फाइनल में 10.7 अंक के साथ शुरुआत की और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

महाराष्ट्र की ही आर्या राजेश बोरसे ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की रेपिड फायर पिस्टल टी2 स्पर्धा में भानवाला ने 590 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र के राजवर्धन पाटिल 584 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि विजयवीर ने 580 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। नीरज 579 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।

फाइनल में हालांकि नीरज ने शानदार शुरुआत करते हुए पांच रेपिड फायर शॉट की शुरुआती तीन सीरीज में से प्रत्येक में परफेक्ट पांच अंक बनाए। उन्होंने छठी सीरीज में भी पांच अंक जुटाए। उन्होंने तीन सीरीज में चार अंक भी जुटाए और अनीश को तीन अंक से पछाड़ दिया। अनीश ने 31 अंक जुटाए।

पेरिस ओलंपिक की दोहरी कांस्य पदक विजेता मनु भाकर ने प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी में वापसी करते हुए शानदार फॉर्म जारी रखा। वह महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टी2 स्पर्धा में क्वालीफिकेशन के पहले दौर के बाद शीर्ष पर हैं। प्रिसिजन राउंड में उन्होंने 300 में से 297 अंक बनाए। दूसरा रेपिड फायर राउंड और फाइनल बुधवार को होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now