देश की खबरें | शिवराज चौहान ने हर रोज पौधे लगाने के चार साल पूरे किए, लोगों से पर्यावरण बचाने का आह्वान किया

नयी दिल्ली, 19 फरवरी केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को लोगों से जन्मदिन आदि अवसरों पर पेड़ लगाकर पर्यावरण बचाने का आह्वान किया। वह पिछले चार वर्षों में 4,500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं।

चौहान ने कहा, "आज मैं पौधे लगाते हुए चार साल पूरे कर रहा हूं..."

उन्होंने कहा, "पर्यावरण बचाने, मिट्टी के कटाव को रोकने, पानी और जीवन को बचाने के लिए पेड़ लगाना बहुत जरूरी है... यह संकल्प अब जन आंदोलन बन रहा है।"

केंद्रीय मंत्री ने 19 फरवरी 2021 को प्रतिदिन पौधारोपण करने का संकल्प लिया था। उन्होंने अपनी पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ अमरकंटक में नर्मदा नदी के तट पर पहला पौधा लगाया था।

उन्होंने कहा, "मैं आशा करता हूं कि जब तक मैं जीवित हूं, यह आंदोलन चलता रहेगा। यह पर्यावरण बचाने का एक बड़ा अभियान बन जाए।"

चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का भी जिक्र किया और कहा, "भारत पर्यावरण बचाने के लिए प्रतिबद्ध है..."

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चौहान इस पहल के चार साल पूरे होने के अवसर पर बृहस्पतिवार को जल सखियों के साथ छतरपुर के जटाशंकर में पौधारोपण करेंगे।

मंत्री ने अब तक देश के 20 से अधिक राज्यों में 4,500 से अधिक पौधे लगाए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)