देश की खबरें | शिवसेना (उबाठा) के पूर्व विधायक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में हुए शामिल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पूर्व विधायक राजन साल्वी बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए।

मुंबई, 13 फरवरी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पूर्व विधायक राजन साल्वी बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए।

साल्वी के शिवसेना में शामिल होने के कदम को उद्धव ठाकरे के लिए झटका माना जा रहा है।

साल्वी रत्नागिरी जिले के राजापुर विधानसभा क्षेत्र से 2009-2024 तक विधायक रहे थे, लेकिन नवंबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें उद्योग मंत्री उदय सामंत के भाई एवं शिवसेना के किरण सामंत से हार का सामना करना पड़ा था।

साल्वी इस हार के बाद से ही पार्टी (उद्धव ठाकरे की शिवसेना) के नेताओं से नाराज थे और अपनी हार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहरा रहे थे।

उन्होंने शिवसेना (उबाठा) के उपनेता पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया था।

साल्वी ने बुधवार को ठाकरे को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मौजूदा परिस्थितियों और संगठन में अंदरूनी राजनीति के बीच मैं अपने पद के साथ न्याय नहीं कर पाऊंगा। अपनी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं पार्टी के उपनेता पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’’

रत्नागिरी जिले सहित तटीय कोंकण क्षेत्र कभी ठाकरे की पार्टी का गढ़ हुआ करता था।

महाराष्ट्र में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में शिवसेना (उबाठा) का प्रदर्शन खराब रहा था। यह राज्य की 288 विधानसभा सीट में से केवल 20 सीट ही जीत पाई थी जबकि एकनाथ शिंदे की नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 सीट पर जीत हासिल की थी।

प्रीति नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now