देश की खबरें | शिवसेना (उबाठा) ने जम्मू में प्रदर्शन किया, बांग्लादेशियों, रोहिंग्याओं को वापस भेजने की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उबाठा) ने शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र से जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान देते हुए अवैध बांग्लादेशियों तथा रोहिंग्या प्रवासियों को देश से बाहर निकालने का आग्रह किया।
जम्मू, सात फरवरी शिवसेना (उबाठा) ने शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र से जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान देते हुए अवैध बांग्लादेशियों तथा रोहिंग्या प्रवासियों को देश से बाहर निकालने का आग्रह किया।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख मनीष साहनी के नेतृत्व में कई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
‘‘शेख हसीना, सीमा हैदर को वापस भेजो’’ और ‘‘अवैध रोहिंग्याओं, बांग्लादेशियों को वापस भेजो’’ जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर उन्होंने शेख हसीना सहित भारत से सभी अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्या प्रवासियों को बाहर निकालने की मांग करते हुए नारे लगाए।
साहनी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत सरकार को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से सीख लेते हुए पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और बांग्लादेश की पूर्व राष्ट्रपति शेख हसीना सहित सभी अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्या प्रवासियों को तुरंत निर्वासित करना चाहिए।’’
साहनी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर प्रकाश डाला और राजशाही जिले के फुदकी गांव में पूर्व राष्ट्रपति शेख हसीना के भाषण के दौरान हुई एक घटना का हवाला दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मंदिर में देवी सरस्वती की मूर्ति को अपवित्र किया गया। नेतृत्व परिवर्तन के बाद से हिंदुओं पर हमले लगातार जारी हैं। हमें सभी बांग्लादेशियों को देश से बाहर निकालना चाहिए।’’
साहनी ने रोहिंग्या प्रवासियों और अवैध बांग्लादेशियों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी के नेता केवल चुनाव को ध्यान में रखकर बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बांग्लादेश के साथ तनाव के बावजूद भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब 856 किलोमीटर हिस्से पर बाड़ नहीं लगी है। उन्हें वापस भेजने के लिए कुछ नहीं किया गया है।’’
साहनी ने 2007 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में 1.2 करोड़ अवैध बांग्लादेशी हैं। उन्होंने कहा कि आज के अनुमान के अनुसार यह संख्या दो करोड़ से ज़्यादा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)