देश की खबरें | शॉन और अनुप्रिया ने राष्ट्रमंडल युवा खेलों में पदक जीते

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के शॉन गांगुली और अनुप्रिया वलियट ससी ने ट्रिनबागो में चल रहे राष्ट्रमंडल युवा खेलों में लड़कों की 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले तैराकी स्पर्धा और लड़कियों की गाेला फेंक स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

नयी दिल्ली, आठ अगस्त भारत के शॉन गांगुली और अनुप्रिया वलियट ससी ने ट्रिनबागो में चल रहे राष्ट्रमंडल युवा खेलों में लड़कों की 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले तैराकी स्पर्धा और लड़कियों की गाेला फेंक स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

गांगुली ने चार मिनट 25.47 सेकंड का सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय निकालकर रजत पदक जीता। इंग्लैंड के रीस ग्रेडी (4:24:16) ने स्वर्ण जबकि स्कॉटलैंड के इवान डेविडसन (4:25:68) ने कांस्य पदक हासिल किया।

गांगुली ने आर्यन नेहरा के चार मिनट 27.62 सेकंड के समय को पीछे छोड़ा जो उन्होंने पिछले महीने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हासिल किया था।

भारतीय तैराक द्वारा निकाले गए सर्वश्रेष्ठ समय को ‘ सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ कहा जाता है, जबकि किसी समय को तभी राष्ट्रीय प्रतियोगिता रिकॉर्ड माना जाता है जब इसे राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में हासिल किया गया हो।

लड़कियों के गोला फेंक में अनुप्रिया ने अपने तीसरे प्रयास में 15.62 मीटर गोला फेंककर दक्षिण अफ्रीका की एलिसिया एली खुनोउ (17.97) और ऑस्ट्रेलिया की जाइलेवेन बीले (16.31) के बाद तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय तैराक रिधिमा कुमार वीरेंद्र (30.04) महिलाओं की 50 मीटर बैकस्ट्रोक में सातवें स्थान पर रहीं।

भारत ने 11 अगस्त को समाप्त होने वाले इन खेलों में आठ खिलाड़ियों का दल भेजा है। पहले इन खेलों का आयोजन एक से सात अगस्त 2021 तक होना था लेकिन कोविड-19 महामारी तथा तोक्यो ओलंपिक और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के कार्यक्रम से जुड़े मसलों के कारण इन्हें स्थगित कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\