देश की खबरें | शाह ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की आलोचना की, कहा- नाम बदलने से कुछ नहीं होगा

रामेश्वरम, 28 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सहित उसके सहयोगियों की आलोचना करते हुए शुक्रवार को कहा कि उनके गठबंधन का नाम बदलकर ‘इंडिया’ करने से कुछ नहीं होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई की राज्यव्यापी ‘एन मन, एन मक्कल (मेरी भूमि, मेरे लोग)’ पदयात्रा की शुरुआत से पहले शाह यहां एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

शाह ने कहा कि संप्रग सरकार के 10 साल में 12 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ और अब गठबंधन का नाम बदलने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘जब कांग्रेस और द्रमुक सहित उसके सहयोगी दल लोगों के पास वोट मांगने जाएंगे, तो जनता को उनका भ्रष्टाचार याद आएगा।”

उन्होंने कहा कि लोग संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले, राष्ट्रमंडल खेल घोटाले और कोयला आवंटन घोटाले के लिए याद रखेंगे। उन्होंने “पनडुब्बी घोटाले और इसरो घोटाले” के अलावा “हेलिकॉप्टर घोटाले” का भी जिक्र किया। उन्होंने पूछा, “कांग्रेस-द्रमुक और सहयोगियों ने धारा 370 हटाने का विरोध किया, कश्मीर हमारा है या नहीं।”

उन्होंने कहा, “क्या हमें देश को आतंकवाद से मुक्त करने की ज़रूरत नहीं है? जब (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी ने सर्जिकल और हवाई हमले किए, तो संप्रग के लोगों ने इसका विरोध किया।”

कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने हाल में 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा से मुकाबला करने के लिए गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का गठन किया है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नये संसद भवन में सेंगोल (राजदंड) स्थापित करके तमिल संस्कृति का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विभिन्न मंचों से तमिल , संस्कृति और तमिल नेताओं के विचारों को दुनिया के सामने रखा। शाह ने कहा कि कांग्रेस-द्रमुक शासन के दौरान श्रीलंका में तमिलों का नरसंहार हुआ और तमिल मछुआरों को नुकसान उठाना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)