खेल की खबरें | सर्विसेज ने 10 स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र पर दबाव बनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सर्विसेज खेल संवर्धन बोर्ड (एसएससीबी) ने 37वें राष्ट्रीय खेलों के समापन से एक दिन पहले बुधवार को यहां कुल 10 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर काबिज महाराष्ट्र पर दबाव बना दिया।
पणजी, आठ नवंबर सर्विसेज खेल संवर्धन बोर्ड (एसएससीबी) ने 37वें राष्ट्रीय खेलों के समापन से एक दिन पहले बुधवार को यहां कुल 10 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पर काबिज महाराष्ट्र पर दबाव बना दिया।
मेजबान गोवा और केरल ने भी बुधवार को शानदार प्रदर्शन किया तथा क्रमश: 13 और 8 स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में लंबी छलांग लगाई।
सर्विसेज ने मुक्केबाजी में पांच स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। इसके अलावा उसने नौकायन में दो स्वर्ण पदक, पुरुष फुटबॉल, हैंडबॉल और कबड्डी में एक-एक पदक जीतकर अपने स्वर्ण पदकों की संख्या 65 तक पहुंचा दी।
महाराष्ट्र 75 स्वर्ण के साथ शीर्ष पर बना हुआ है और वह अब 2007 के बाद से शीर्ष पर रहे सर्विसेज के दबदबे को समाप्त करने की ओर अग्रसर है। हरियाणा 56 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है। गोवा और केरल क्रमशः नौवें और पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
एसएससीबी के मुक्केबाजों ने पुरुष वर्ग में सात भार वर्गों में से पांच स्वर्ण और एक रजत जीतकर सर्वोच्च स्थान हासिल किया, जबकि हरियाणा ने छह भार वर्गों में से तीन स्वर्ण पदक जीते, जिसमें विश्व चैंपियन स्वीटी बूरा का स्वर्ण भी शामिल है। दो बार की विश्व युवा चैंपियन साक्षी चौधरी ने गोवा का प्रतिनिधित्व करते हुए लाइट फ्लाईवेट वर्ग में प्रभावी जीत हासिल की।
हरियाणा ने कर्नाटक को 5-3 से हराकर पुरुष हॉकी में स्वर्ण पदक जीता, जबकि जबकि महिला वर्ग में मध्य प्रदेश ने शूटआउट में रानी रामपाल की अगुवाई वाले हरियाणा को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश ने पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र को हराकर जबकि महिला वर्ग में झारखंड ने पंजाब को एक गोल से हराकर कांस्य पदक जीता।
फुटबॉल में सर्विसेज ने मणिपुर को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले केरल ने निर्धारित समय तक दोनों टीमों के गोलरहित बराबरी पर रहने के बाद शूटआउट में पंजाब को हराकर कांस्य पदक जीता।
निशानेबाजी में तमिलनाडु के नर्मदा नितिन राजू और श्री कार्तिक सबरी ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इस जोड़ी ने स्वर्ण पदक राउंड में उत्तर प्रदेश की आयुषी गुप्ता और प्रथम भड़ाना को हराया। मध्य प्रदेश की गौतमी भनोट और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन और डेरियस सौरास्त्री को हराकर कांस्य पदक जीता।
कबड्डी में हरियाणा को पुरुष और महिला दोनों वर्ग में हार का सामना करना पड़ा। महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 32-23 से जबकि पुरुष वर्ग में उसकी टीम को एसएससीबी से 34-25 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2023 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

