जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 126 अंक और चढ़ा, बैंक, आईटी शेयर चमके
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को नये वर्ष के दूसरे कारोबारी दिन भी तेजी बनी रही और बीएसई सेंसेक्स 126 अंक से अधिक के लाभ में रहा। वैश्विक बाजारों में कुल मिलाकर सकारात्मक रुख के साथ बैंक, आईटी और औषधि कंपनियों के शेयरों में मांग से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा।
मुंबई, तीन जनवरी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को नये वर्ष के दूसरे कारोबारी दिन भी तेजी बनी रही और बीएसई सेंसेक्स 126 अंक से अधिक के लाभ में रहा। वैश्विक बाजारों में कुल मिलाकर सकारात्मक रुख के साथ बैंक, आईटी और औषधि कंपनियों के शेयरों में मांग से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा।
कारोबारियों के अनुसार, हालांकि डॉलर के मुकाबलेू रुपये के मूल्य में गिरावट तथा विदेशी पूंजी निकासी जारी रहने से बाजार का लाभ सीमित रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 126.41 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 61,294.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 61,343.96 अंक तक गया और नीचे में 61,004.04 तक आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 35.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,232.55 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा 2.25 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, विप्रो और नेस्ले इंडिया प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, आईटीसी और एनटीपीसी शामिल हैं। इनमें 1.13 प्रतिशत तक की गिरावट आई।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार को गति देने वाली किसी प्रमुख आर्थिक गतिविधि के अभाव में बाजार का ध्यान अब कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों पर है...’’
उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में आईटी और बैंक केंद्र में होंगे क्योंकि बाजार में रुझान क्षेत्र की बड़ी कंपनियों के शुरुआती संकेतों से तय होगा।’’
कोटक सिक्योरिटीज लि. के इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘बाजार में हल्का उतार-चढ़ाव रहा है और यह सकारात्मक रुख के साथ सीमित दायरे में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को बंद थे। इससे किसी प्रकार के संकेत के अभाव में निवेशकों ने चुनिंदा लिवाली की।’’
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को बंद था।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 86.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 212.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2023 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

