देश की खबरें | तमिलनाडु में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने की आत्महत्या, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु में कोयंबटूर रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने खुद को गोली मार कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कोयंबटूर, सात जुलाई तमिलनाडु में कोयंबटूर रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने खुद को गोली मार कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का निधन पुलिस विभाग के लिए भारी क्षति है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि संदेह है कि डीआईजी सी विजय कुमार ने शहर के रेड फील्ड्स स्थित अपने आवास पर सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। अधिकारी ने कहा कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2009 बैच के अधिकारी विजय कुमार ने इसी वर्ष जनवरी में डीआईजी का पदभार संभाला था। इससे पहले उन्होंने चेन्नई के अन्ना नगर में पुलिस उपायुक्त के रूप में सेवाएं दी थीं। वह कांचीपुरम, कुड्डालोर, नागपट्टिनम और तिरुवरूर जिलों में पुलिस अधीक्षक पद पर भी कार्य कर चुके थे।

तमिलनाडु में हाल के वर्षों में किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने का यह दूसरा मामला है।

इससे पहले तिरुचेंनगोड़े की तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक विष्णु प्रिया ने 2015 में नमक्कल जिले में स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि वह सी विजय कुमार की मौत की खबर से शोकाकुल तथा स्तब्ध हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ विजयकुमार ने तमिलनाडु पुलिस बल में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं जिसमें जिले का पुलिस अधीक्षक पद शामिल है। उनका निधन तमिलनाडु पुलिस विभाग के लिए भारी क्षति है। उनके परिवार, मित्रों तथा पुलिस बल के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now