खेल की खबरें | सेमीफाइनल स्थान सुनिश्चित, किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहीं बेल्जियम और आस्ट्रेलिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दुनिया की शीर्ष दो टीमें बेल्जियम और आस्ट्रेलिया ने एफआईएच पुरूष विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना मुख्य लक्ष्य हासिल कर लिया है और यहां तक का सफर काफी मुश्किल रहा है जिससे ये किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रही हैं।

भुवनेश्वर, 25 जनवरी दुनिया की शीर्ष दो टीमें बेल्जियम और आस्ट्रेलिया ने एफआईएच पुरूष विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना मुख्य लक्ष्य हासिल कर लिया है और यहां तक का सफर काफी मुश्किल रहा है जिससे ये किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रही हैं।

पिछले चरण की कांस्य पदक विजेता और दुनिया की नंबर एक आस्ट्रेलिया ने स्पेन के खिलाफ दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 4-3 से जीत हासिल की जबकि गत चैम्पियन और ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता बेल्जियम ने न्यूजीलैंड की चुनौती से पार पाते हुए क्वार्टरफाइनल में 2-0 से जीत दर्ज की।

आस्ट्रेलियाई टीम के कोच कोलिन बैच ने कहा, ‘‘यह (विश्व कप) मुश्किल प्रतियोगिता है जिसमें टीमें काफी चुनौतीपूर्ण होती हैं जिससे कोई भी मैच आसान नहीं होता। यह सफर आगे मुश्किल से मुश्किल होता जायेगा, लेकिन खुशी है कि हम सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। ’’

आस्ट्रेलियाई टीम का यह लगातार 12वां सेमीफाइनल है जिससे उनकी विश्व कप में निरंतरता दिखती है।

कोच ने कहा, ‘‘हम शुरू में मुश्किल में थे। स्पेन ने काफी अच्छा खेल दिखाया, अच्छा डिफेंस किया और जवाबी हमले किये। पहले हाफ से तुरंत पहले गोल ने हमें लय दी और हम दूसरे हाफ में काफी अच्छा किया, विशेषकर तीसरे क्वार्टर में। ’’

पिछले 2018 चरण में आस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में नीदरलैंड से पेनल्टी शूटआउट में हार मिली थी और इस बार भी शुक्रवार को उनके सेमीफाइनल में नीदरलैंड के सामने होने की संभावना है।

इसके बारे में बैच ने कहा, ‘‘शूटआउट तो शूटआउट है और हमें इसके लिये भ्री तैयार होना होगा। ’’

बेल्जियम के कप्तान फेलिक्स डेनायर ने कहा कि सेमीफाइनल में कुछ भी हो सकता है और उनकी टीम सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा सपना खिताब जीतने का है लेकिन हम सबसे पहले सेमीफाइनल पर ध्यान लगायेंगे। लगातार खिताब जीतना शानदार होगा। ’’

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मैच के बारे में बात करते हुए डेनायर ने कहा, ‘‘हमने मौके गंवा दिये लेकिन हम जीत ही चाहते थे और हमने यही हासिल कर लिया। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\