देश की खबरें | गणतंत्र दिवस के मद्देनजर असम में सुरक्षा चाक-चौबंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा-इंडिपेंडेंट) द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के बहिष्कार का आह्वान करने के साथ ही समूचे असम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी, 25 जनवरी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा-इंडिपेंडेंट) द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के बहिष्कार का आह्वान करने के साथ ही समूचे असम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिला प्रशासनों को, विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ उल्फा (आई) का गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार नियमित है, लेकिन हम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते।’’
उल्फा (आई) ने मीडिया संस्थानों को भेजे ई-मेल के जरिए एक प्रेस विज्ञप्ति में राज्य में गणतंत्र दिवस समारोह के बहिष्कार का आह्वान किया है।
अधिकारी ने कहा कि ऐसी खुफिया जानकारी है कि संगठन असम के ऊपरी जिलों जैसे तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, शिवसागर और चराइदेव में फिर से संगठित होने की कोशिश कर रहा है और वे गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन सुरक्षा बल ऐसे किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए तैयार हैं।
असम के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) जी पी सिंह ने भी मौजूदा परिदृश्य की समीक्षा करने के लिए असम के ऊपरी जिलों का दौरा किया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के नजदीक वाले जिलों और पड़ोसी राज्यों अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड की अंतर-राज्यीय सीमाओं पर भी गश्त तेज कर दी गई है। राज्य भर में वाहनों की जांच भी बढ़ा दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)