देश की खबरें | दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए सुरक्षा कड़ी की गई

नयी दिल्ली, तीन जनवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से पहले राष्ट्रीय राजधानी में फिर से बहाल होने पर दिल्ली के कश्मीरी गेट से गाजियाबाद के लोनी तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

यात्रा में भाग लेने वालों के लिए सुगम मार्ग सुनिश्चित करने के वास्ते बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया और कई स्थानों पर अवरोधक लगाए गए।

दिल्ली में यात्रा के पहले चरण के बाद, कांग्रेस ने मार्च के दौरान ‘‘सुरक्षा उल्लंघन’’ का आरोप लगाया था और गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की थी। हालांकि, सरकारी अधिकारियों ने कहा था कि कांग्रेस नेता के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘‘पूर्ण’’ सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन उन्होंने खुद 2020 के बाद से 113 बार सुरक्षा प्रोटोकॉल का ‘‘उल्लंघन’’ किया।

मंगलवार को पुलिस ने कहा कि गांधी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी अवांछित व्यक्ति को सुरक्षा घेरा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी और यहां तक कि उसे बाहर जाने की भी इजाजत नहीं होगी।

लोनी के पास उत्तर प्रदेश की सीमा पर भी कड़ी सुरक्षा देखी गई, जहां झंडा सौंपने का समारोह आयोजित किया गया था। लोनी गोलचक्कर पर जहां से यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर रवाना हुई, वहां पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

इससे पहले कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कश्मीरी गेट के पास हनुमान मंदिर से गाजियाबाद के लोनी तक के रास्तों का निरीक्षण किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)