देश की खबरें | दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और आंध्रपदेश में सुरक्षा बढ़ायी गयी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर अर्धसैनिक बलों के कर्मियों समेत अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई।

नयी दिल्ली, आठ मई राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर अर्धसैनिक बलों के कर्मियों समेत अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई।

सुरक्षा व्यवस्था में यह बढ़ोतरी भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सशस्त्र संघर्ष के बीच की गई है।

पाकिस्तानी सेना ने कल रात अवंतिपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने की कोशिश की। इन कोशिशों को नाकाम कर दिया गया और लाहौर में पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी जोन के विशेष आयुक्त सभी 15 जिलों के उपायुक्तों के साथ बैठक कर रहे हैं।

सूत्र ने बताया, ‘‘सभी पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने (सहायक पुलिस आयुक्तों) एसीपी और थाना प्रभारियों जैसे अपने अधिकारियों को पहले ही सभी जरूरी बातें बता दी हैं। डीसीपी व्यक्तिगत रूप से अपने क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं और दिल्ली पुलिस किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।’’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मॉल, बाजार, मेट्रो स्टेशन, होटल, आवासीय कॉलोनियों, हवाईअड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

शहर में, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस जांच बढ़ा दी गई है तथा दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है।

शिमला से प्राप्त समाचार के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर समेत पंजाब की सीमा से लगे जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि बाबा बालक नाथ, मां चिंतपूर्णी और मां नैना देवी जैसे प्रसिद्ध मंदिर हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिलों में स्थित हैं, इसलिए पुलिस ने वहां सुरक्षा जांच तेज कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\