देश की खबरें | झारखंड में ईएसएल संयंत्र के आसपास धारा 144 लागू, एक दिन पहले हुई थी हिंसा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बोकारो प्रशासन ने उस स्थान के पांच किलोमीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है जहां सोमवार को ग्रामीणों एवं पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बोकारो (झारखंड), 28 नवंबर बोकारो प्रशासन ने उस स्थान के पांच किलोमीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है जहां सोमवार को ग्रामीणों एवं पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
झारखंड के सियालजोरी में वेदांता समूह की कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड संयंत्र के मुख्य द्वार के बाहर सोमवार को झड़प हुई थी जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों समेत 12 लोग घायल हो गये थे। सियालजोरी झारखंड की राजधानी रांची से करीब 140 किलोमीटर दूर है।
यह झड़प तब हुई थी जब कंपनी के गेट के बाहर धरना दे रहे ग्रामीणों ने कथित रूप से अंदर घुसने की चेष्टा की थी और उन्हें कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने अंदर जाने से रोका था। प्रदर्शनकारी क्षेत्र के बेरोजगार युवकों के लिए नौकरी की मांग कर रहे थे।
बाद में, जब स्थिति पर नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया तब ग्रामीणों ने उन पर पथराव किया। इस पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया जिससे कई ग्रामीण भी जख्मी हो गये।
मंगलवार को निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी ने ग्रामीणों की मांग पर दबाव बनाने के लिए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया।
चास के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) दिलीप कुमार सिंह शेखावत ने कहा कि संयंत्र क्षेत्र में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर मंगलवार शाम को संयंत्र के द्वार के पांच किलोमीटर के दायरे में सीआरपीसी (दण्ड प्रक्रिया संहिता) की धारा 144 लागू कर दी गयी।’’
कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार मंगलवार को संयंत्र का उत्पादन 70 प्रतिशत घट गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)