देश की खबरें | दिल्ली के जंतर-मतर पर प्रदर्शनकारी पहलवानों एवं पुलिसकर्मियों के बीच ‘हाथापाई’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर ‘हाथापाई’ हुई, जिसके कारण कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर पर चोटें आई हैं।
नयी दिल्ली, तीन मई यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर ‘हाथापाई’ हुई, जिसके कारण कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर पर चोटें आई हैं।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सोशल मीडिया मंचों पर उपलब्ध एक वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारियों को एक पुलिस कर्मी पर आरोप लगाते सुना जा सकता है कि उसने शराब के नशे में दो पहलवानों पर हमला किया। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी बैठा नजर आ रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि अन्य पुलिसकर्मी इस दौरान मूकदर्शक बने रहे।
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) प्रणव तायल ने कहा कि भारती बिना अनुमति के ‘फोल्डिंग’ (मुड़ सकने वाली)चारपाई लेकर प्रदर्शन स्थल पर आए। तायल ने कहा कि इस बारे में सवाल किए जाने पर भारती के समर्थक आक्रामक हो गए और ट्रक से चारपाइयां उतारने की कोशिश करने लगे।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मामूली कहासुनी हुई तथा भारती और दो अन्य को हिरासत में ले लिया गया।
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने प्रदर्शन स्थल पर चारपाइयां लाने की कोशिश की। जब मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे इस बारे में सवाल किया, तो वे आक्रामक हो गए और प्रदर्शनकारियों ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने एक पुलिसकर्मी को गलत तरीके से रोका और उस पर नशे में होने का आरोप लगाया, जबकि ऐसा नहीं था। पुलिस कर्मी घटनास्थल पर हैं और स्थिति अब नियंत्रण में है। किसी भी प्रदर्शनकारी को पीटा नहीं गया।’’
इस बीच, पूर्व पहलवान राजवीर ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘बारिश के कारण गद्दे भीग गए थे, इसलिए हम सोने के लिए ‘फोल्डिंग’ चारपाइयां ला रहे थे, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। नशे में धुत पुलिसकर्मी धर्मेंद्र ने विनेश फोगाट से अपशब्द कहे और हमारे साथ हाथापाई की।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)