देश की खबरें | सज्जाद लोन ने की मीरवाइज को रिहा करने की अपील

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने बृहस्पतिवार को हुर्रियत कांफ्रेंस के प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक को रिहा करने की अपील की जो पिछले तीन साल से नजरबंद हैं।

श्रीनगर, चार अगस्त पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने बृहस्पतिवार को हुर्रियत कांफ्रेंस के प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक को रिहा करने की अपील की जो पिछले तीन साल से नजरबंद हैं।

लोन ने कहा कि मीरवाइज के बारे में सोचना चाहिए क्योंकि वह कई साल से लगातार नजरबंद हैं। उन्होंने कहा कि फारूक के बारे में कोई बात नहीं की जा रही है।

अलगाववाद का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़े लोन ने सिलसिलेवार ट्वीट किए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से जल्द से जल्द मीरवाइज की रिहाई की अपील की।

लोन ने कहा, ''अमित शाह साहब और मनोज सिन्हा साहब से विनम्र अपील है कि कृपया उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाए। वह खुद हिंसा का शिकार हुए हैं।''

पूर्व मंत्री ने कहा कि वह राजनीतिक रूप से मीरवाइज से इत्तेफाक नहीं रखते, लेकिन वह ''हमें एक धार्मिक नेता के रूप में प्रेरित करते हैं।''

इस बीच, हुर्रियत कांफ्रेंस ने एक बयान जारी कर मीरवाइज को नजरबंद रखे जाने की निंदा की और कहा कि इससे उनके सभी मौलिक व बुनियादी मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन हुआ है।

हुर्रियत कांफ्रेंस ने कहा कि अधिकारियों ने चार अगस्त, 2019 को मीरवाइज को नजरबंद किया था। और उनकी नजरबंदी को आज तीन साल पूरे हो गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now