जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की तेजी के साथ 83.56 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख के कारण बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 83.56 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी बुधवार को अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।

मुंबई, 12 जून घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख के कारण बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 83.56 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी बुधवार को अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रुपया सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है क्योंकि सभी की निगाहें, वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका के मई के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के ब्याज दर को लेकर निर्णय पर लगी है। इसके अलावा घरेलू मोर्चे पर भी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़ों पर सभी की नजर है।

कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने स्थानीय इकाई पर दबाव डाला और तेजी को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.56 पर खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्चतम स्तर 83.51 तथा 83.56 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की तेजी दर्शाता 83.56 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले नौ पैसे कमजोर होकर 83.59 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘सकारात्मक घरेलू बाजारों के कारण भारतीय रुपया मजबूत हुआ। निफ्टी ने अबतक का नया उच्चतम स्तर छुआ। उन्होंने कहा कि डॉलर के मजबूत होने तथा कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने तेज बढ़त पर अंकुश लगा दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक में कोई बदलाव नहीं होने की उम्मीद के बीच अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने की संभावना है।

चौधरी ने कहा, ‘‘हालांकि, निवेशक ब्याज दरों में कटौती के बारे में संकेत के लिए फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के भाषण पर नजर रखेंगे। कारोबारी, भारत के सीपीआई और औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। ’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.20 रह गया।

ब्रेंट कच्चा तेल 1.11 प्रतिशत बढ़कर 82.83 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 149.98 अंक की बढ़त के साथ 76,606.57 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार निफ्टी 58.10 अंक बढ़कर 23,322.95 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 111.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\