एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.05 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.05 पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.05 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 15 फरवरी अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.05 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की निकासी से भारतीय मुद्रा में गिरावट आई। हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजार ने रुपये की गिरावट को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान उसने 82.99 प्रति डॉलर के उच्चस्तर और 83.05 के निचले स्तर के बीच कारोबार किया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.05 के भाव पर बंद हुआ।

इससे पहले, बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे मजबूत होकर 83.02 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ने और अमेरिकी डॉलर में नकारात्मक रुख के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में गिरावट और उम्मीद से बेहतर व्यापार संतुलन से रुपये को और समर्थन मिल सकता है।’’

हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी से रुपये की तेजी पर रोक लग सकती है।

चौधरी ने कहा, “अमेरिकी डॉलर में कोई भी सुधार उच्चस्तर पर रुपये पर भी असर डाल सकता है। कारोबारी खुदरा बिक्री, औद्योगिक उत्पादन, एम्पायर स्टेट मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स और अमेरिका के साप्ताहिक बेरोजगारी दावे के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं।”

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.61 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 3,064.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 15, 2024 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).