जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 83.13 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 17 जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 83.13 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने तथा घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली होने से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में भारी गिरावट आने तथा विदेशी पूंजी का ताजा निवेश बढ़ने के कारण रुपये की गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.13 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान यह 83.07 से 83.17 प्रति डॉलर के दायरे में घट-बढ़ के बाद कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 83.13 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया मंगलवार को 26 पैसे की गिरावट के साथ 83.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 103.05 पर रहा।

बाजार विश्लेषकों ने लाल सागर मार्ग के माध्यम से वैश्विक व्यापार में व्यवधान पर चिंता के बीच अमेरिकी डॉलर में बढ़त का श्रेय सुरक्षित निवेश की मांग को दिया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.65 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,500.76 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 656.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)