देश की खबरें | आरपीएन सिंह को छोटी बिरादरी के मेरे जैसे व्यक्ति का प्रदेश अध्यक्ष बनना पसंद नहीं आया : लल्लू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि उनके जैसे छोटी बिरादरी के व्यक्ति का प्रदेश अध्यक्ष बनना रास नहीं आने की वजह से उन्होंने (सिंह) पार्टी छोड़ दी।

लखनऊ, 26 जनवरी कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि उनके जैसे छोटी बिरादरी के व्यक्ति का प्रदेश अध्यक्ष बनना रास नहीं आने की वजह से उन्होंने (सिंह) पार्टी छोड़ दी।

लल्लू ने यहां एक बयान में सिंह के मंगलवार को भाजपा में शामिल होने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "वह राजा-महाराजा हैं, उन्हें मेरे जैसे छोटी बिरादरी के ग़रीब आदमी का कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनना रास नहीं आ रहा था इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ दी।"

उन्होंने कहा कि यह नयी कांग्रेस है जिसमें संघर्ष करने वाले लोग ही रह सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के जमीनी मुद्दों पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ हजारों कार्यकर्ता जुटे रहे, लाठियां खाई, जेल गए, मुकदमे झेले और वह खुद कई बार जेल गये, लेकिन आरपीएन सिंह कभी सड़क पर नहीं दिखे।’’

लल्लू ने कहा, "अब ये अफवाह फैलायी जा रही है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी जा रहे हैं लेकिन मेरे खून के हर कतरे पर कांग्रेस पार्टी का अहसान है जिसने एक गरीब घर के बेटे को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। मैं मरते दम तक राहुल गांधी का सिपाही बना रहूंगा।"

आरपीएन सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "2013 में जब सिंह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री थे, एक गरीब कांग्रेस कार्यकर्त्ता को तमकुही राज में पुलिस ने बुरी तरह मार-पीटा। जब मैंने इस घटना के विरोधस्वरूप आंदोलन शुरू किया, तो आरपीएन सिंह मुझ पर लगातार दबाव बनाते रहे कि आप लड़ाई मत लड़ो, संघर्ष मत करो, लेकिन मैंने लड़ाई लड़ी।"

उन्होंने कहा, ‘‘2015 में समाजवादी पार्टी की सरकार में गन्ना किसानों के मुद्दे पर आंदोलन को लेकर वह जेल गए थे लेकिन आरपीएन सिंह न तो उनसे जेल में मिलने आए और न ही कोई आंदोलन किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\