खेल की खबरें | आस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में सफल हो सकता है रोहित : हस्सी

कोलकाता, 30 जून माइकल हस्सी का मानना है कि रोहित शर्मा अपनी क्षमता और कौशल के दम पर इस साल के आखिर में होने वाले दौरे में आस्ट्रेलिया की मुश्किल परिस्थितियों में भी सफल हो सकते हैं।

भारत को चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिये आस्ट्रेलिया का दौरा करना है जिसका पहला मैच ब्रिस्बेन में तीन दिसंबर से खेला जाएगा।

यह भी पढ़े | UVA Premier League T20 2020 Sri Lanka Schedule: आज से श्रीलंका में शुरू हुई UVA T20 प्रीमियर लीग, यहां पढ़ें पूरा शेड्यूल.

इस श्रृंखला के दौरान रोहित पर निगाहें टिकी रहेंगी जिन्होंने पिछले साल अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पहली बार सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरकर शानदार प्रदर्शन किया था। वह पिंडली के चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट में नहीं खेल पाये थे।

हस्सी ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में दुनिया के किसी भी बल्लेबाज की परीक्षा होती है लेकिन मेरा मानना है कि उसने (रोहित) एकदिवसीय क्रिकेट में शीर्ष क्रम में काफी मैच खेले हैं और उसे अब टेस्ट मैचों में भी सफलता मिली है और इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ा होगा। ’’

यह भी पढ़े | दिल्ली के जाने माने क्लब क्रिकेटर संजय डोभाल का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन.

उन्होंने सोनी टेन पिट स्टॉप में कहा, ‘‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं कि उसके पास वह क्षमता और कौशल है जिससे वह वहां की परिस्थितियों में सफल हो सकता है। ’’

हस्सी का इसके साथ ही मानना है कि स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की वापसी से भारत के लिये आगामी श्रृंखला काफी मुश्किल होगी। भारत ने 2018 में आस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट श्रृंखला जीती थी तब स्मिथ और वार्नर प्रतिबंधित होने के कारण उसमें नहीं खेल पाये थे।

उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर स्मिथ और वार्नर की वापसी से टीम मजबूत हुई है लेकिन दो साल पहले जो खिलाड़ी खेले थे तब वे पूरी तरह से तैयार नहीं थे। अब वे अनुभवी हो गये हैं और इसलिए भारत को इन गर्मियों में आस्ट्रेलिया में कड़ी चुनौती मिलेगी। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)