जरुरी जानकारी | खुदरा क्षेत्र का पट्टा पहली छमाही में 24 प्रतिशत बढ़ाः रिपोर्ट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. साल 2023 की पहली छमाही में खुदरा कारोबार के लिए पट्टे पर लिए गए वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का क्षेत्रफल 24 प्रतिशत बढ़ गया जबकि नए पट्टों में बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और अहमदाबाद की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत रही। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

मुंबई, 25 जुलाई साल 2023 की पहली छमाही में खुदरा कारोबार के लिए पट्टे पर लिए गए वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का क्षेत्रफल 24 प्रतिशत बढ़ गया जबकि नए पट्टों में बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और अहमदाबाद की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत रही। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

रियल एस्टेट क्षेत्र की सलाहकार फर्म सीबीआरई साउथ एशिया ने आंकड़ों पर आधारित एक रिपोर्ट में कहा कि साल की पहली छमाही में खुदरा कारोबार स्थल की आपूर्ति पिछले साल की तुलना में 148 प्रतिशत बढ़ गई। इसकी वजह यह है कि शॉपिंग मॉल का निर्माण पूरा होने की दर छमाही आधार पर आठ प्रतिशत बढ़ गई है।

देश के आठ प्रमुख बाजारों से एकत्रित आंकड़ों से पता चलता है कि बेंगलुरु में जनवरी-जून 2023 के दौरान आठ लाख वर्ग फुट क्षेत्र पट्टे पर लिया गया। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में सात लाख वर्ग फुट और चेन्नई एवं अहमदाबाद में चार-चार लाख वर्ग फुट क्षेत्र खुदरा गतिविधियों के लिए किराये पर लिए गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, खुदरा पट्टे की दर पहली छमाही में 24 प्रतिशत बढ़ गई जबकि साल भर पहले इसमें 15 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई थी। इस अवधि में पट्टे पर लिए गए कुल क्षेत्र का आकार 28.7 लाख वर्ग फुट रहा जिसमें बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और अहमदाबाद की सम्मिलित रूप से हिस्सेदारी 65 प्रतिशत है।

किराये पर वाणिज्यिक प्रतिष्ठान लेने की दर में वृद्धि के पीछे फैशन एवं परिधान क्षेत्र का अंशदान सर्वाधिक 38 प्रतिशत रहा जबकि खानपान की दुकानों की हिस्सेदारी 18 प्रतिशत रही।

सीबीआरई साउथ एशिया के चेयरमैन अंशुमान मैगजीन ने कहा कि खुदरा किराये की वृद्धि दर आने वाली तिमाहियों के बारे में एक संभावनाशील परिदृश्य दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मजबूत आपूर्ति एवं आगामी त्योहारी मौसम को देखते हुए यह रफ्तार कायम रहने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\