देश की खबरें | दक्षिण पूर्व एशिया में स्थिरता के लिए म्यांमा के विस्थापित नागरिकों की स्वदेश वापसी जरूरी: मोमेन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमेन ने शनिवार को कहा कि दक्षिण पूर्व एशिया में सुरक्षा और स्थिरता के लिए म्यांमा के विस्थापित नागरिकों की उनके देश (बांग्लादेश) से स्वदेश वापसी आवश्यक है।
गुवाहाटी, 28 मई बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमेन ने शनिवार को कहा कि दक्षिण पूर्व एशिया में सुरक्षा और स्थिरता के लिए म्यांमा के विस्थापित नागरिकों की उनके देश (बांग्लादेश) से स्वदेश वापसी आवश्यक है।
मंत्री ने यहां विकास और अन्योन्याश्रय में स्वाभाविक सहयोगी (नाडी) सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अपने संबोधन में कहा, ‘‘बांग्लादेश में वर्तमान में कॉक्स बाजार में म्यांमा के 11 लाख से अधिक ‘‘जबरन विस्थापित नागरिक’’ हैं और वे अपने देश लौटना चाहते हैं।
मोमेन ने कहा, ‘‘क्योंकि स्वदेश वापसी शुरू नहीं हुई है, विस्थापित लोग निराश हो रहे हैं। कई लोग मादक पदार्थ, मानव तस्करी और हिंसा जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं और ये क्षेत्र चरमपंथ और कट्टरपंथ का गढ़ बन सकते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता और अस्थिरता पैदा हो सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘म्यांमा के विस्थापित नागरिकों की स्वदेश वापसी जल्द से जल्द की जानी चाहिए और मैं अपने पड़ोसी देशों से क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने के लिए मदद मांगता हूं।’’
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश मानवीय आधार पर उन्हें भोजन और शरण प्रदान कर रहा है लेकिन यह एक अस्थायी उपाय है और अधिकांश विस्थापित व्यक्ति अपने देश लौटना चाहते हैं।
मोमेन ने कहा, ‘‘इससे बांग्लादेश में विकास के मार्ग को लेकर खतरा पैदा हो गया है ... एक स्थिर क्षेत्र के लिए, सभी देशों को जिम्मेदारी से कार्य करने चाहिए ताकि क्षेत्रीय स्थिरता बाधित न हो।’’
भारत-बांग्लादेश संबंधों का जिक्र करते हुए मोमेन ने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध है और ये इतिहास, संस्कृति, और साझा बलिदान से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों के बीच संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं और लोगों के बीच मौजूदा दोस्ती विश्वास और आपसी सम्मान का प्रतीक है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)