देश की खबरें | खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलना नेहरू-गांधी के नाम के प्रति भाजपा की नफरत को दर्शाता है: पटोले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलने के फैसले के लिए मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह कदम नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के लिए भाजपा और आरएसएस की ‘‘नफरत’’ को दर्शाता है।
मुंबई, छह अगस्त कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलने के फैसले के लिए मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह कदम नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के लिए भाजपा और आरएसएस की ‘‘नफरत’’ को दर्शाता है।
भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार का नाम अब राजीव गांधी खेल रत्न नहीं बल्कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न होगा। भारतीय हॉकी टीमों के तोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद इस सम्मान का नाम महान हॉकी खिलाड़ी के नाम पर रखने का फैसला लिया गया।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए पटोले ने कहा कि मेजर ध्यानचंद हॉकी के दिग्गज थे और केंद्र सरकार उनकी याद में एक नया पुरस्कार स्थापित कर सकती थी या उनके नाम पर एक नई खेल नीति शुरू कर सकती थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस को नेहरू-गांधी के नाम से 'नफरत' है और यह प्रतिष्ठित पुरस्कार का नाम बदलने के केंद्र के फैसले में परिलक्षित होता है।
उन्होंने दावा किया, "मेजर ध्यानचंद के नाम के विरोध का कोई सवाल ही नहीं है। लेकिन नाम परिवर्तन गांधी परिवार से नफरत के कारण हुआ है। यह भाजपा की निम्न स्तर की राजनीति को दर्शाता है।"
पटोले ने कहा कि 1984 से 89 तक प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी का देश के विकास और प्रगति में योगदान अद्वितीय है।
कांग्रेस नेता ने खेलों के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके योगदान के बारे में पूछा और इस साल फरवरी में अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम बदलकर प्रधानमंत्री के नाम पर करने पर सवाल उठाया।
पटोले ने कहा, "अगर राजीव गांधी का खेलों में कोई योगदान नहीं है तो नरेंद्र मोदी का क्या योगदान है? अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम का नाम एक महान खिलाड़ी के नाम पर रखा जा सकता था।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)