देश की खबरें | बदायूं में वन विभाग की नर्सरी में हिरण के अवशेष मिले, वन दारोगा पर पशु को मारने का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बदायूं जिले में वन विभाग की एक नर्सरी में कथित रूप से हिरण के अवशेष पाये गये हैं। आरोप है कि महकमे के एक अधिकारी ने हिरण को मारकर उसके मांस की दावत की। मामले की जांच की जा रही है।
बदायूं (उप्र), 25 सितंबर बदायूं जिले में वन विभाग की एक नर्सरी में कथित रूप से हिरण के अवशेष पाये गये हैं। आरोप है कि महकमे के एक अधिकारी ने हिरण को मारकर उसके मांस की दावत की। मामले की जांच की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रदीप कुमार वर्मा ने बुधवार को बताया कि वन उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार को बिल्सी क्षेत्र के बेहटा गुसाई में एक मृत हिरण की सूचना मिली थी, जिसे बिना पोस्टमार्टम के ही दफना दिया गया था। मामले में जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दफन किये गये हिरण के अवशेष बाहर निकालकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
यह मामला मंगलवार को तब सामने आया जब पीपुल फॉर एनीमल (पीएफए) संस्था के जिलाध्यक्ष विकेन्द्र शर्मा ने वन उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार पर हिरण को मारकर उसके मांस की दावत देने का आरोप लगाया और दावा किया कि कुमार ने अपने दोस्तों की दावत करने के बाद हिरण के अवशेषों को मुजरिया थाना क्षेत्र के कौल्हाई गांव में स्थित वन विभाग की नर्सरी में दफना दिया।
उन्होंने दावा किया कि हिरण का सिर गायब है और उसकी खाल वन्यजीव तस्करों को बेच दी गयी है।
इन आरोपों के बारे में पूछे जाने पर प्रभागीय वनाधिकारी वर्मा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं देते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)