जरुरी जानकारी | रिलायंस जियो ने नाथद्वारा में 5जी वाई-फाई सेवा की शुरुआत की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड ने शनिवार को राजस्थान के नाथद्वारा में 5जी नेटवर्क पर आधारित वाई-फाई सेवाओं की शुरुआत की।
जयपुर, 22 अक्टूबर देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड ने शनिवार को राजस्थान के नाथद्वारा में 5जी नेटवर्क पर आधारित वाई-फाई सेवाओं की शुरुआत की।
कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने नाथद्वारा में 5जी वाली वाई-फाई सेवाओं की शुरुआत की। इसके पहले उन्होंने अपनी पत्नी श्लोका के साथ श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
कंपनी के बयान के अनुसार, 'जियो ट्रू 5जी' नेटवर्क पर चलने वाली वाई-फाई सेवाओं की शुरुआत नाथद्वारा से हो गई है। यह सेवा शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थानों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और वाणिज्यिक गतिविधियों के केंद्रों में दी जाएगी।
जियो उपयोकताओं को यह वाई-फाई सेवा 'जियो वेलकम ऑफर' अवधि के दौरान मुफ्त में मिलेगी। दूसरा नेटवर्क इस्तेमाल करने वाले भी जियो 5जी वाई-फाई का सीमित इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस बयान के मुताबिक, चेन्नई में जियो की ट्रू 5जी सेवा भी शुरू हो गई है। हाल ही में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और वाराणसी में भी 5जी सेवा शुरू की गई थी। जल्द ही दूसरे शहरों में भी जियो 5जी सेवा शुरू करने के लिए रिलायंस जियो पूरी कोशिश में लगी हुई है।
इस अवसर पर अंबानी ने कहा, “भगवान श्रीनाथ जी की कृपा से नाथद्वारा में जियो ट्रू 5जी की सेवा के साथ 5जी वाली वाई-फाई सेवा की शुरुआत हो रही है। हमारी कोशिश है कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और वाराणसी की तरह देश के कोने-कोने तक जियो की ट्रू 5जी सेवा जल्द चालू हो। श्रीनाथ जी के आशीर्वाद से नाथद्वारा और चेन्नई भी आज से जियो ट्रू 5जी सिटी बन गए हैं।“
हालांकि जियो ने अपनी 5जी सेवा की वाणिज्यिक शुरुआत की अभी घोषणा नहीं की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)