देश की खबरें | रजनीकांत ने रांची आश्रम में ध्यान किया, राज्यपाल से भी की मुलाकात
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड दौरे पर आए मशहूर अभिनेता रजनीकांत ने बृहस्पतिवार को रांची के योगदा आश्रम में एक घंटे ध्यान किया।
रांची, 17 अगस्त झारखंड दौरे पर आए मशहूर अभिनेता रजनीकांत ने बृहस्पतिवार को रांची के योगदा आश्रम में एक घंटे ध्यान किया।
इससे एक दिन पहले रजनीकांत ने उत्तराखंड से यहां पहुंचने पर राजभवन में झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन के साथ "शिष्टाचार भेंट" की थी।
रजनीकांत परमहंस योगानंद के शिष्य हैं और उन्होंने अपने गुरु के आश्रम योगदा सत्संग सोसाइटी (वाईएसएस) में ध्यान किया जिसका मुख्यालय रांची में है। परमहंस 'ऑटोबायोग्राफी ऑफ ए योगी' के लेखक हैं।
दक्षिण के अभिनेता उत्तराखंड के द्वाराहाट से रांची पहुंचे थे। द्वाराहाट में उन्होंने पांडवखोली की एक गुफा में ध्यान किया था।
आश्रम के एक अधिकारी के मुताबिक, “आज सुबह उन्होंने रांची में योगदा आश्रम में योगानंदजी के कमरे में करीब एक घंटे तक ध्यान किया। यहां इस ध्यान में उन्हें अद्वितीय शांति और दिव्यता का अनुभव हुआ। ध्यान के बाद, वह योगदा के वरिष्ठ स्वामियों से मिले और उनसे आध्यात्मिक बातचीत की।”
आश्रम के अधिकारी ने कहा, “योगदा आश्रम का दौरा उनकी आध्यात्मिक यात्रा का एक हिस्सा था। क्रिया योग के नियमित अभ्यासकर्ता, श्री श्री परमहंस योगानंद के शिष्य होने के नाते, वह उत्तराखंड में योगदा के द्वाराहाट आश्रम का दौरा करने और महावतार बाबाजी की गुफा में ध्यान करने के बाद रांची आए।”
रांची में ध्यान करने के बाद, रजनीकांत ने निकटवर्ती रामगढ़ जिले के रजरप्पा में प्रसिद्ध छिन्नमस्तिका मंदिर में दर्शन किए।
मंदिर के पुजारी ने अभिनेता की विशेष 'आरती' और पूजा करने में सहायता की।
वहीं, राज्यपाल ने अपने सोशल मीडिया मंच 'एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से अभिनेता के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा की।
राज्यपाल राधाकृष्णन ने अपने पोस्ट में लिखा ''रांची आगमन पर, अपने प्रिय मित्र, भारत के महानतम अभिनेताओं में से एक और महान व्यक्ति तथा सुपरस्टार रजनीकांत से कल राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात से बहुत खुशी हुई। मैं झारखंड की महान धरती पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं।''
अपनी फिल्म 'जेलर' की रिलीज के कुछ दिन बाद रजनीकांत ने पिछले हफ्ते उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन किए थे।
नेल्सन दिलीप कुमार द्वारा निर्देशित 'जेलर' 10 अगस्त को दुनिया भर में रिलीज हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)