देश की खबरें | राजस्थान : एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर दो युवक पानी की टंकी पर चढ़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने की मांग को लेकर दो युवक यहां एक पानी की टंकी पर चढ़ गए।
जयपुर, 11 नवंबर राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने की मांग को लेकर दो युवक यहां एक पानी की टंकी पर चढ़ गए।
पुलिस ने बताया कि लादूराम चौधरी (35) और विकास बिधूड़ी (34) रविवार दोपहर को हिम्मत नगर इलाके में एक ओवरहेड पानी की टंकी की सीढ़ी से चढ़ गए थे और अंतिम जानकारी मिलने तक उन्होंने नीचे उतरने से इनकार कर दिया है।
बजाज नगर की थानाधिकारी ममता मीणा ने कहा, ‘‘दोनों ने पानी की टंकी से नीचे उतरने से इनकार कर दिया है। उन्हें मनाने के प्रयास जारी हैं। वे उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि लादूराम ने उप निरीक्षक परीक्षा 2021 दी थी। युवाओं ने अपनी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करने के लिए टंकी पर एक बैनर लगाया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने यह परीक्षा रद्द करने या न करने का फैसला करने के लिए एक अक्टूबर को छह मंत्रियों की एक कैबिनेट समिति बनाई थी। परीक्षा में 800 से अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए थे और पुलिस अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहे थे। लेकिन प्रश्नपत्र लीक का मामला सामने आने के बाद इनमें से 50 प्रशिक्षु एसआई को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा की जा रही है।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की समीक्षा के लिए गठित छह सदस्यीय कैबिनेट समिति का संयोजक बनाया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम और सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री मंजू बाघमार समिति के सदस्य हैं।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)