देश की खबरें | राजस्थान: महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, कई राजनेताओं ने संवदेना व्यक्त की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और एचआरएच होटल समूह के अध्यक्ष अरविंद सिंह मेवाड़ का उदयपुर में लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। परिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

जयपुर, 16 मार्च राजस्थान में मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और एचआरएच होटल समूह के अध्यक्ष अरविंद सिंह मेवाड़ का उदयपुर में लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। परिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

वह 81 वर्ष के थे।

मेवाड़, राजा महाराणा प्रताप के वंशज थे और लंबे समय से बीमार थे।

उदयपुर स्थित ‘सिटी पैलेस’ में मेवाड़ का इलाज किया जा रहा था।

अरविंद सिंह मेवाड़ के परिवार में पत्नी विजयराज कुमारी, बेटा लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और बेटियां भार्गवी कुमारी मेवाड़ और पद्मजा कुमारी परमार हैं।

मेवाड़ का अंतिम संस्कार सोमवार को होगा।

उदयपुर ‘सिटी पैलेस’ रविवार और सोमवार को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।

अरविंद सिंह मेवाड़, भगवंत सिंह मेवाड़ और सुशीला कुमारी के छोटे बेटे थे।

अरविंद के बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले वर्ष नवंबर में निधन हो गया था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे, भाजपा हरियाणा प्रभारी और भाजपा की राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया, अरविंद सिंह मेवाड़ के भतीजे विश्वराज सिंह मेवाड़ और कई अन्य राजनेताओं तथा राजपूत नेताओं ने मेवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मेंवाड़ के पूर्व राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह असीम दुख सहने का संबल प्रदान करें।”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेवाड़ की वैभवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका (अरविंद सिंह मेवाड़) प्रभावशाली व्यक्तित्व और अनुकरणीय चरित्र भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को यह अकथनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’

वसुंधरा राजे ने कहा, ‘‘महाराज अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने जो प्रयास किए वह सदैव याद रहेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।’’

अरविंद सिंह मेवाड़ की शिक्षा अजमेर के ‘मेयो कॉलेज’ में हुई और उन्होंने उदयपुर से स्नातक की उपाधि प्राप्त की।

मेवाड़ ने ब्रिटेन से ‘होटल मैनेजमेंट’ की पढ़ाई की थी और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय होटलों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

वह ‘एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स’ का निर्माण करने से पहले कई वर्षों तक शिकागो में रहे और काम किया।

मेवाड़ क्रिकेट, पोलो और संगीत प्रेमी थे।

मेवाड़ ने 1945-46 में राजस्थान के कप्तान के रूप में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और उनका एक क्रिकेटर के रूप में लगभग दो दशक तक शानदार करियर रहा।

वह 1970 के दशक में पोलो खिलाड़ी थे लेकिन चिकित्सा कारणों से उन्होंने खेल छोड़ दिया।

इंग्लैंड में पेशेवर पोलो के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने के लिए मेवाड़ ने कैम्ब्रिज में ‘उदयपुर कप’ और ‘न्यूमार्केट पोलो क्लब’ की स्थापना की।

उदयपुर में ‘मेवाड़ पोलो’ का गठन एक पोलो टीम के रूप में किया गया था, जिसमें पेशेवर खिलाड़ी शामिल थे।

‘मेवाड़ पोलो’ टीम ने 1991 में 61वें ‘कैवेलरी’ खिलाड़ियों को हराकर प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट कप जीता।

अरविंद सिंह मेवाड़ एक उत्साही पायलट भी थे और उन्होंने माइक्रोलाइट विमान से पूरे भारत में एकल उड़ान भरी थी।

मेवाड़, उदयपुर के ‘महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन’ के अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी थे।

उन्होंने अन्य ट्रस्टों का भी नेतृत्व किया।

भगवंत सिंह मेवाड़ की मृत्यु के बाद से घराने के नेतृत्व और संपत्ति को लेकर अरविंद सिंह मेवाड़ के वंशजों के बीच संघर्ष व मतभेद रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर छठे स्थान पर पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद, शीर्ष तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

KKR vs SRH, TATA IPL 2026 6th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर जीत का स्वाद चखा, केकेआर को 65 रनों से दी पटखनी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Jan Vishwas Bill 2026: राज्यसभा में पास हुआ जन विश्वास बिल, 16 अप्रैल को महिला आरक्षण पर होगी अहम चर्चा

CSK vs PBKS, IPL 2026 7th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी