देश की खबरें | राजस्थान: नाबालिगों के खिलाफ दर्ज मामलों में बढ़ोतरी हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के गृह विभाग के ताजा आंकड़ों में सामने आया है कि राज्य में पूर्ववर्ती वर्ष की तुलना में 2022 में नाबालिगों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या मामूली रूप से बढ़ी है।

जयपुर, 27 अगस्त राजस्थान के गृह विभाग के ताजा आंकड़ों में सामने आया है कि राज्य में पूर्ववर्ती वर्ष की तुलना में 2022 में नाबालिगों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या मामूली रूप से बढ़ी है।

आंकड़ों के अनुसार, 2021 में राजस्थान में नाबालिगों द्वारा अंजाम दिए गए विभिन्न प्रकार के अपराधों की संख्या 3,701 थी, जो अगले वर्ष बढ़कर 4,257 हो गई। इनमें चोरी, जबरन वसूली, दुष्कर्म, हत्या से संबंधित अपराध और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज किए गए मामले शामिल हैं।

हाल के दिनों में कई ऐसी घटनाएं भी सामने आईं जिनमें नाबालिग शामिल थे। झुंझुनू जिले में एक जौहरी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लेने के साथ-साथ दो अन्य को गिरफ्तार किया गया था।

इसके अलावा एक सेवानिवृत्त शिक्षक पर चाकू से हमला करने के मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था। इस मामले में डांटने और स्कूल से निकालने से खफा छात्र ने 54 वर्षीय शिक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नागरिक अधिकार) स्मिता श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘नाबालिगों को संवेदनशील बनाने के लिए पुलिस ने स्कूली छात्रों को पॉक्सो के प्रावधानों के बारे में जागरूक करने के लिहाज से जुलाई में एक अभियान चलाया था। साथ ही कॉलेजों में ‘ऑपरेशन दिशा’ के तहत हमने इसी तरह का अभियान चलाया।’’

आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों (2021-2022) में नाबालिगों के खिलाफ चोरी के 1,358 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद दुष्कर्म के 571, जालसाजी के 514, अपहरण के 379, डकैती के 319, हत्या के प्रयास के 305 और हत्या के 168 मामले दर्ज किए गए।

आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा मामले चित्तौड़गढ़, झालावाड़, डूंगरपुर, धौलपुर, भरतपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा और बीकानेर में दर्ज किए गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\